चंडीगढ़ , अप्रैल 23 -- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने 24 अप्रैल को मनाये जाने वाले राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था भारत के लोकतंत्र की मजबूत नींव है, जो ग्रामीण स्तरपर जनभागीदारी को सशक्त बनाती है। यह प्रणाली लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के साथ-साथ गांवोंके समग्र विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी द्वारा परिकल्पित ग्राम स्वराज की भावना को साकार करने में पंचायती राज संस्थाएं महत्वपूर्ण माध्यम हैं। पंचायतों के जरिए स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होता है और विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकता है।

श्री कल्याण ने कहा कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से पंचायतों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ी है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के विजन को साकार करने में पंचायती राज व्यवस्था की भी महत्वपूर्ण भूमिका है, जैसे संसद और राज्य विधान मंडलों की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित