अहमदाबाद , दिसंबर 14 -- ओलंपिक पदक विजेता अमन सहरावत और विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता अंतिम पंघाल ने राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप 2025 के अपने -अपने फाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक जीते।
पेरिस ओलंपिक 2024 के कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत अपने पसंदीदा 57 किग्रा की बजाय 61किग्रा पुरुषों के फ्रीस्टाइल डिवीजन में मुकाबला करते हुए यह पदक जीता। वह राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए वजन कम करने से बचना चाहते थे।
वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को मुकाबला करते हुए अमन सहरावत ने शनिवार को फाइनल में निखिल को 10-0 से हराकर पुरुषों का 61 किग्राम का खिताब जीता। इससे पहले, अमन ने पहले राउंड में अधित नारायण को 12-1 से हराया और फिर क्वार्टर-फाइनल में ललित को 10-0 से हराया, जबकि उनकी दाहिनी आंख के ऊपर गहरा कट लग गया था। इसके बाद ओलंपिक मेडलिस्ट ने पट्टी बंधी और खून बहती भौंह के साथ मुकाबला जारी रखा और 2-0 की कमी को पूरा करते हुए सेमीफाइनल में अनुज कुमार को 13-2 से हराया।
अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियन सुजीत कल्कल ने फाइनल में विशाल कालिरामन को 10-0 से हराकर पुरुषों का 65किग्राम वर्ग का खिताब जीता। एशियन अंडर 23 स्वर्ण पदक विजेता विक्की ने 97 किग्राम का खिताब जीता।
दो बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता अंतिम पंघाल ने भी 53 किग्रा वर्ग के बजाय 55 किग्रा वर्ग में मुकाबला करने का फैसला किया क्योंकि वह अमन की तरह सीजन के आखिर में वजन कम करने की मुश्किलों से नहीं गुजरना चाहती थीं। शुक्रवार को, अंतिम ने क्वार्टर-फाइनल में हंसिका को 8-0 से हराया, सेमीफाइनल में अहिल्या शिंदे को 14-8 से हराया और फाइनल में ज्योति को 5-0 से हराकर खिताब जीता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित