अलवर , फरवरी 12 -- राजस्थान में अलवर के मुख्य बस स्टैंड पर बुधवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में राजस्थान राज्य परिवहन कर्मचारी यूनियन के बैनर तले रोडवेज कर्मचारियों ने पूर्वाह्न 11 बजे से धरना प्रदर्शन शुरू किया।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए श्रम कोड बिलों का विरोध करते हुए इन्हें मजदूर विरोधी बताया और वापस लेने की मांग की। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कोड बिल लागू होने से कर्मचारियों के मौलिक अधिकार, नौकरी की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और काम के घंटे प्रभावित होंगे। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करके अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया।
कर्मचारी नेता तेजपाल सैनी ने कहा कि इससे पहले भी कोड बिल के विरोध में कई बार प्रदर्शन और ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन सरकार ने अब तक कर्मचारियों की मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। इसी कारण देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है, जिसके तहत अलवर बस स्टैंड पर भी धरना दिया जा रहा है।
धरने के चलते रोडवेज बस सेवाओं पर आंशिक असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित