हैदराबाद , दिसंबर 17 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तेलंगाना में राष्ट्रपति निलयम में अपने वार्षिक शीतकालीन प्रवास के लिए बुधवार को यहां पहुंचीं।
सुश्री मुर्मु यहां 22 दिसंबर तक यहां रहेंगी।
राष्ट्रपति के हकीमपेट हवाई अड्डे पर पहुंचने पर तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी, राष्ट्रपति के दौरे के लिए कार्यवाहक मंत्री सीताक्का, मंत्री श्रीधर बाबू, मुख्य सचिव रामकृष्ण राव और डीजीपी शिवधर रेड्डी ने आज दोपहर हकीमपेट हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। वह तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित स्वर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद यहां पहुंचीं। शहर में उनके आगमन को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।
राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर, शहर में विभिन्न स्थानों पर यातायात प्रतिबंध लगाए गए हैं। अपने दौरे में वह सिकंदराबाद के बोलारम स्थित राष्ट्रपति निलयम में ठहरेंगी जो देश के राष्ट्रपतियों के आधिकारिक विश्राम स्थलों में से एक है। हैदराबाद में अपने प्रवास के दौरान वह 19 दिसंबर को हैदराबाद में तेलंगाना लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित लोक सेवा आयोगों के अध्यक्षों के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी।राष्ट्रपति 20 दिसंबर को हैदराबाद में ब्रह्मा कुमारी शांति सरोवर द्वारा अपनी 21वीं वर्षगांठ के उवसर पर आयोजित 'भारत का शाश्वत ज्ञान: शांति एवं प्रगति का मार्ग' विषय पर एक सम्मेलन को संबोधित करेंगी।
भारत के राष्ट्रपति प्रत्येक वर्ष दिसंबर में अपने शीतकालीन प्रवास के दौरान राष्ट्रपति निलयम के मुख्य भवन में ठहरते हैं और यहीं से आधिकारिक कामकाज देखते हैं। इस भवन को मूल रूप से रेजिडेंसी हाउस कहा जाता था, जिसका निर्माण 1860 में निज़ाम नज़ीर-उद-दौला ने करवाया था। बाद में यह सिकंदराबाद में ब्रिटिश रेजिडेंट का कंट्री हाउस बन गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित