अयोध्या , मार्च 19 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर गुरुवार को रामजन्मभूमि में श्रीराम यंत्र की विधिवत प्रतिष्ठापना की। नव संवत्सर के अवसर पर राष्ट्रपति ने रामलला के चरणों में शीश झुकाकर आरती उतारी और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राष्ट्रपति के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। तीनों गणमान्य हस्तियों ने मंदिर परिसर में विभिन्न देवी-देवताओं के समक्ष भी श्रद्धापूर्वक शीष नवाया। इसके बाद राष्ट्रपति ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर दीवारों पर उकेरी गई आकृतियों का अवलोकन किया।

वैदिक मंत्रोच्चार और संतों की उपस्थिति में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन मंदिर के द्वितीय तल पर श्रीराम यंत्र की प्रतिष्ठापना संपन्न हुई। यह यंत्र दो वर्ष पूर्व विजयेंद्र सरस्वती द्वारा शोभायात्रा के माध्यम से अयोध्या भेजा गया था। श्रीराम यंत्र की प्रतिष्ठापना से पूर्व देश के विभिन्न भागों दक्षिण भारत, काशी और अयोध्या से आए आचार्यों द्वारा नौ दिवसीय वैदिक अनुष्ठान प्रारंभ किया गया था।

प्रतिष्ठापना के समय आध्यात्मिक गुरु माता अमृतानंदमयी, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, ट्रस्टी अनिल मिश्रा तथा सदस्य गोपाल जी सहित अनेक संत एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित