नयी दिल्ली , दिसम्बर 16 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में 'परम वीर दीर्घा' का उद्घाटन किया।
राष्ट्रपति सचिवालय ने बताया कि इस दीर्घा में सभी 21 परम वीर चक्र विजेताओं के चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। इस दीर्घा का मकसद आगंतुकों को राष्ट्रीय नायकों के बारे में जानकारी देना है जिन्होंने देश की रक्षा में अदम्य संकल्प और अजेय भावना का प्रदर्शन किया। यह उन बहादुरों की याद का सम्मान करने की भी एक पहल है जिन्होंने मातृभूमि की सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी है।
जिन गलियारों में 'परम वीर दीर्घा' बनाई गई है, वहां पहले ब्रिटिश एडीसी के चित्र लगे हुए थे। भारतीय राष्ट्रीय नायकों के चित्रों को प्रदर्शित करने की यह पहल औपनिवेशिक मानसिकता को छोड़ने और गर्व के साथ भारतीय संस्कृति, विरासत और शाश्वत परंपराओं की समृद्धि को अपनाने की दिशा में एक सार्थक कदम है।
परम वीर चक्र भारत का सर्वोच्च सैन्य सम्मान है जो युद्ध के दौरान असाधारण वीरता, साहस और सर्वोच्च बलिदान के लिए दिया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित