भोपाल , दिसंबर 16 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर गुना जिले के म्याना रेलवे स्टेशन को ऊर्जा संरक्षण के लिए सम्मानित किया है। म्याना रेलवे स्टेशन को 9,687 यूनिट विद्युत ऊर्जा की बचत के लिए राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेस्ट परफॉर्मिंग यूनिट के रूप में म्याना स्टेशन का चयन होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने बैतूल जिले के शिल्पकार श्री बलदेव वाघमारे को राष्ट्रीय शिल्प पुरस्कार से सम्मानित किया है। भरेवा धातु शिल्प को जीआई टैग प्राप्त हुआ है। यह गोंड जनजाति की एक उपजाति का पारंपरिक कौशल है, जो पीढ़ी दर पीढ़ी हस्तांतरित होता आ रहा है। इस शिल्प में प्रतीकात्मक देवी-देवताओं की मूर्तियां, पारंपरिक आभूषण, धार्मिक सामग्री तथा सजावटी वस्तुएं बनाई जाती हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। मुख्यमंत्री ने श्री वाघमारे को बधाई दी।
मंत्रि परिषद की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि इंदौर के एम.वाय. हॉस्पिटल का 773 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्माण किया जाएगा। नया 1450 बिस्तरों वाला एम.वाय. हॉस्पिटल आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसके साथ नर्सिंग हॉस्टल, ऑडिटोरियम सहित अन्य अधोसंरचनाओं का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे पुराने भवन से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विमेन टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 (ब्लाइंड) का फाइनल जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल मध्यप्रदेश की तीन दृष्टिबाधित महिला क्रिकेट खिलाड़ियों सुश्री सुनीता सराठे, सुश्री सुषमा पटेल और सुश्री दुर्गा येवले को 25-25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जा रही है। इसमें 10-10 लाख रुपये नगद और 15-15 लाख रुपये की एफडी शामिल है। टीम के कोच सोनू गोलकर, ओमप्रकाश पाल और दीपक पहाड़े को एक-एक लाख रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई दिल्ली में 12 से 14 दिसंबर तक आयोजित मध्यप्रदेश उत्सव का भी उल्लेख किया, जिसमें हस्तशिल्प, एक जिला-एक उत्पाद, माटी कला परिषद, पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्टॉल लगाए गए और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित