रांची , दिसंबर 27 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार शाम राजधानी रांची पहुंचेंगी।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर रांची समेत पूरे प्रशासनिक तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और पूरे शहर में निगरानी बढ़ा दी गई है।

राष्ट्रपति की सुरक्षा में राज्य के 14 आईपीएस अधिकारी और 75 डीएसपी की तैनाती की गई है। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल, क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) और विशेष सुरक्षा दस्ते को जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से राजभवन तक पूरे मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ मोबाइल सर्विलांस यूनिट भी सक्रिय रहेंगी। सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को देखते हुए रांची के ट्रैफिक सिस्टम में आंशिक बदलाव किया गया है। 28 दिसंबर को शाम 6 बजे से रात 7 बजे तक एयरपोर्ट से राजभवन तक यातायात बंद रहेगा। 29 दिसंबर को सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक और शाम 4 बजे से 5 बजे तक एयरपोर्ट से हरमू बाइपास होते हुए राजभवन तक मार्ग बंद रहेगा। वहीं 30 दिसंबर को सुबह 9 बजे से 10 बजे तक हरमू बाइपास से एयरपोर्ट और राजभवन तक के मार्गों पर वाहनों का आवागमन रोका जाएगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है।

28 दिसंबर को रांची पहुंचने के बाद राष्ट्रपति लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। 29 दिसंबर को वह जमशेदपुर के लिए रवाना होंगी। जमशेदपुर में राष्ट्रपति एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। वह एनआईटी परिसर में करीब 1 घंटे 5 मिनट का समय बिताएंगी। दीक्षांत समारोह में कुल 1114 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी, जिनमें 612 छात्र व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगे। इनमें 417 स्नातक, 149 स्नातकोत्तर और 46 पीएचडी के विद्यार्थी शामिल हैं।

एनआईटी कार्यक्रम से पहले राष्ट्रपति करनडीह जाहेरथान पहुंचेंगी, जहां संथाली भाषा की ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित शताब्दी समारोह में भाग लेंगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष गंगवार और झाड़ग्राम के विधायक पद्मश्री कालीपद सोरेन भी मौजूद रहेंगे। समारोह में 100 लोगों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें से 12 को राष्ट्रपति स्वयं सम्मान प्रदान करेंगी।

राष्ट्रपति के जमशेदपुर आगमन को लेकर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने ट्रैफिक प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन की विस्तृत योजना लागू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित