रायपुर, दिसंबर 30 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा जशपुर की जनजातीय मातृशक्ति की सराहना किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर साझा अपने संदेश में कहा कि जशपुर की जनजातीय बहनों, विशेषकर जशक्राफ्ट से जुड़ी महिलाओं के कौशल, सृजनशीलता और स्वावलंबन की राष्ट्रपति द्वारा की गई प्रशंसा प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ग्राम कोटानपानी की स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार आभूषण एवं पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए हैं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और परिश्रम की एक सशक्त मिसाल भी प्रस्तुत करते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का यह स्नेहिल प्रोत्साहन जनजातीय मातृशक्ति के आत्मविश्वास को और मजबूत करता है तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और 'वोकल फॉर लोकल' की भावना को नई ऊर्जा देता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर की समस्त जनजातीय बहनों की ओर से माननीय राष्ट्रपति के प्रति हृदय से आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित