टिहरी , दिसंबर 20 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल ने शनिवार को अवगत कराया कि जिले के समस्त राशन कार्ड धारकों एवं उनके सभी सदस्यों की ई-केवाईसी एवं मोबाइल सीडिंग का कार्य निरंतर प्रगति पर है।

श्री डोभाल ने बताया कि जिले के ऐसे राशन कार्ड धारक और सदस्य, जिन्होंने अभी तक ई-केवाईसी एवं मोबाइल सीडिंग नहीं कराई है, उनसे पुनः अपील की जाती है कि वह अपने राशन कार्ड से संबंधित सभी सदस्यों के साथ अपने नजदीकी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान में स्थापित मशीन के माध्यम से शीघ्रातिशीघ्र ई-केवाईसी करवा लें।

जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि 17 दिसम्बर से जिले के विभिन्न न्याय पंचायतों में "जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार" अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों में भी ई-केवाईसी मशीनें स्थापित की गयी हैं। जिन लाभार्थियों की अभी तक ई-केवाईसी नहीं हुई है, वह इन शिविरों में राशन कार्ड एवं आधार कार्ड की प्रति साथ लेकर अन्य विभागीय सेवाओं के साथ-साथ अपना ई-केवाईसी एवं मोबाइल सीडिंग का कार्य भी पूर्ण करा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित