वाराणसी , जनवरी 21 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय और महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया।

दर्शन के बाद श्री पटोले ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। पटोले ने कहा कि माता अहिल्याबाई होलकर महाराष्ट्र की थीं। उन्होंने पूरे देश में सनातन धर्म की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। लेकिन हमें उस स्थान तक जाने से रोक दिया गया, जहां मूर्तियां तोड़ी गई। इसकी पूरी रिपोर्ट राहुल गांधी जी को सौंपी जाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने माता अहिल्याबाई की प्रतिमा तोड़ने जैसा गंभीर अपराध किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब हिंदुओं की आस्था पर चोट कर रही है। जहां मूर्तियां तोड़ी गईं, वहां जाने से पुलिस ने हमें रोका। सरकार आखिर क्या छिपाना चाहती है। सरकार अब इस मामले में झूठ बोलकर सच्चाई छिपाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि धार्मिक नगरी काशी को केंद्र और प्रदेश सरकार मॉल सिस्टम में बदलने का प्रयास कर रही है। माता अहिल्याबाई का अपमान किया गया है। हिंदू संस्कृति और सनातन धर्म की व्यवस्थाओं को समाप्त करने की साजिश रची जा रही है। सरकार कार्रवाई के नाम पर सच को दबाने का काम कर रही है।

माता अहिल्याबाई होलकर के परिवार के लोगों ने देश को सच्चाई बता दी है। राज्य के मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जनरेटेड वीडियो और फोटो वायरल हुए हैं, तो हमें उस स्थान पर क्यों नहीं जाने दिया जा रहा , सरकार डरी हुई है। गुजरात से लोग लाकर तोड़फोड़, मॉल निर्माण और फोटो सेशन के जरिए व्यावसायीकरण करने का काम सरकार कर रही है।

हिंदुओं के नाम पर सत्ता में आई सरकार ही हिंदुओं को बेवकूफ बनाने का कार्य कर रही है। सनातन धर्म के इतिहास को ध्वस्त करके सरकार आखिर क्या करना चाहती है।

अजय राय ने कहा कि सरकार ने मूर्ति तोड़ने का जो कृत्य किया है, उस मूर्ति को जनता के सामने प्रस्तुत करे। प्रयागराज में शंकराचार्य जी के साथ जो हुआ, वह शंकराचार्य का अपमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित