ग्रेटर नोएडा , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र यमुना प्राधिकरण में अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास एवं अध्यक्ष यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण आलोक कुमार ने मथुरा जिला के अंतर्गत प्रस्तावित राया अर्बन सेंटर और हैरिटेज सिटी परियोजना का शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना से जुड़ी विभिन्न साइटों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने राया अर्बन सेंटर में औद्योगिक भू-उपयोग की 64 हेक्टेयर साइट, प्रस्तावित हैरिटेज सिटी साइट तथा सड़क मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित वृंदावन बायपास की साइट का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
स्थलीय निरीक्षण के बाद वृंदावन स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें परियोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के लिए आवश्यक भू-अर्जन की प्रक्रिया को तेज किया जाए ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन जल्द शुरू हो सके।
बैठक के दौरान यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया ने प्रस्तावित हैरिटेज सिटी परियोजना, श्री बांके बिहारी मंदिर के लिए प्रस्तावित पार्किंग व्यवस्था तथा प्राधिकरण की आवासीय और कमर्शियल परियोजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए अब तक प्राधिकरण द्वारा क्या-क्या कदम उठाए गए हैं।
बैठक में यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार, ओएसडी शैलेंद्र कुमार सिंह, जीएम प्रोजेक्ट राजेन्द्र भाटी सहित परियोजना विभाग, नियोजन विभाग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित