रायसेन , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के रायसेन में आगामी 11 से 13 अप्रैल 2026 तक राष्ट्रीय स्तर का तीन दिवसीय वृहद उन्नत कृषि मेला, प्रदर्शनी और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज गुरुवार को रायसेन के दशहरा मैदान पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं, स्टॉल, तकनीकी प्रदर्शन और किसानों के लिए आयोजित सत्रों की रूपरेखा पर चर्चा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण हों और किसानों तक इस आयोजन की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि यह मेला खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
श्री चौहान ने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर के मेले में देशभर से प्रगतिशील किसान, कृषि वैज्ञानिक और कृषि उपकरण बनाने वाली कंपनियां भाग लेंगी। लगभग 200 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां उन्नत तकनीकों और पद्धतियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने किसानों से परंपरागत खेती के साथ-साथ फल, फूल, सब्जी, प्राकृतिक खेती, पशुपालन, बकरी पालन और मधुमक्खी पालन जैसे विकल्प अपनाने पर जोर दिया। मेले में बीज से लेकर बाजार तक की जानकारी, फसल प्रबंधन, रोग नियंत्रण और उत्पादन बढ़ाने की तकनीकों का लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा।
प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा कि इस आयोजन से किसानों को उन्नत तकनीकों की जानकारी मिलेगी और उनकी आय बढ़ाने में मदद होगी। वहीं, जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रशासन इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में विभिन्न कृषि तकनीकों, पद्धतियों और उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा तथा किसानों के लिए अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित