भोपाल/रायसेन , अप्रैल 8 -- भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने आज रायसेन जिले के सिलवानी, प्रतापगढ़, बम्हौरी, बेगमगंज शहर, बेगमगंज ग्रामीण और सुल्तानगंज मंडलों के प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को अनुशासन और राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के अनुशासन और समय की पाबंदी के कारण ही भाजपा संगठन आज ऊंचाइयों पर पहुंचा है। कार्यकर्ता देश और समाज की सेवा करते हुए पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाएं।

जामवाल ने कहा कि संगठनात्मक शक्ति और नियमित प्रशिक्षण के कारण भाजपा सभी चुनावों में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त कर रही है। पार्टी के संरचनात्मक सुधार और नीति परिवर्तन उसे नई दिशा देने के साथ देश की राजनीति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने प्रशिक्षण वर्गों को सतत प्रक्रिया बताते हुए कहा कि ये कार्यकर्ताओं को विचारधारा के प्रति दृढ़ बनाते हैं और उनके आत्मविश्वास तथा निष्ठा को मजबूत करते हैं। कार्यकर्ताओं को अपनी भूमिका समझकर उसे पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार गरीब एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, विधायक तेजबहादुर सिंह, जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष संदीप लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित