रायसेन , मई 01 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिला जेल में गुरुवार देर रात एक महिला बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 36 वर्षीय मृतका देवकी बाई गौहरगंज थाने में दर्ज दहेज प्रताड़ना के एक मामले में जेल में बंद थी। महिला ने जेल की बैरक के भीतर अपनी साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना से जेल प्रशासन में खलबली मच गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। जेलर आर.के. चोरे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की नियमानुसार जांच की जाएगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित