रायबरेली , मार्च 01 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार टांडा राधा स्वामी सत्संग आश्रम के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पलट गई और उस पर लदे आलू सड़क पर बिखर गए। मृतक की पहचान दिलालगंज निवासी अंकुल (24) के रूप में हुई है। बताया गया कि अंकुल अपने खेत के आलू लेकर रायबरेली की ओर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गया।
घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित