रायबरेली , मई 8 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में भदोखर पुलिस ने अस्पताल से तीन माह के शिशु की चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक पुरुष समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत शिशु को सकुशल बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि भदोखर थाना क्षेत्र के बेला भेला स्थित एक अस्पताल से गुरुवार को एक महिला का तीन माह का बच्चा चोरी हो गया था। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह अस्पताल में डॉक्टर का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान दो महिलाएं उससे बातचीत करने लगीं और मौका पाकर उसका बच्चा लेकर फरार हो गईं।

मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने राहुल त्रिवेदी निवासी पूरे टड़िया मजरे भवरवारा थाना भदोखर, वर्षा त्रिवेदी निवासी पूरे टड़िया मजरे भवरवारा थाना भदोखर तथा नमिता निवासी परियांवा थाना मिल एरिया को बेहटा सर्विस रोड से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी किया गया शिशु सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पूछताछ में वर्षा त्रिवेदी ने बताया कि शादी के 13 वर्ष बाद भी संतान न होने तथा पहले जन्मे बच्चे की मृत्यु हो जाने के कारण उसने अपने पति राहुल और बहन नमिता के साथ मिलकर बच्चा चोरी की योजना बनाई थी। योजना के तहत दोनों महिलाएं अस्पताल के अंदर गईं और इलाज कराने आई महिला को बातों में उलझाकर बच्चे को गोद में लेकर बाहर निकल गईं, जहां राहुल मोटरसाइकिल लेकर पहले से खड़ा था। इसके बाद तीनों बच्चे को लेकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार राहुल और वर्षा के खिलाफ पहले से मारपीट, धोखाधड़ी समेत अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित