रायबरेली , दिसंबर 14 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के सरेनी इलाके में डॉक्टर के साथ हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीन दिसंबर को सरेनी थाना क्षेत्र के मदनापुर निवासी डॉक्टर विजेंद्र बहादुर सिंह से मदनापुर गांव के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने मारपीट की थी और गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। थाना सरेनी और एसओजी व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण कर मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने रविवार को शिवपुरी मार्ग गंगासो खंडजा तिराहा मोड़ के पास से पांचों आरोपियों अमित पटेल, वासुदेव सिंह उर्फ रिशु सिंह, रंजीत पासी, रमन त्रिवेदी उर्फ अनन्त त्रिवेदी और सौरभ वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कई दिनों से डॉक्टर की रेकी कर रहे थे। घटना वाले दिन मोटरसाइकिल से रास्ता रोककर पहले चेन छीनने की कोशिश की गई और विरोध करने पर डॉक्टर के सिर पर तमंचे की बट से वार किया गया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी सोने की चेन लूटकर फरार हो गए और चेन को कानपुर नगर में बेचकर रकम आपस में बांट ली।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 86,200 रुपये नकद, 7 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक देशी तमंचा व दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित