, March 11 -- रायबरेली, 11 मार्च (एजेंसी) पश्चिम एशियाई देशों में चल रहे तनाव और तकनीकी दिक्कतों के बीच उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में रसोई गैस सिलिंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती दिखाई दे रही है।
शहर और आसपास के इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को सिलिंडर प्राप्त करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार कई उपभोक्ताओं का पहचान सत्यापन पूरा नहीं होने और डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) नंबर न मिलने के कारण गैस की डिलिवरी अटक रही है। इसके अलावा गैस बुकिंग और वितरण से जुड़ा सर्वर भी कई जगह डाउन बताया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को आरक्षण कराने और शिकायत दर्ज कराने में परेशानी हो रही है।
गैस एजेंसियों पर मौजूद उपभोक्ताओं का कहना है कि वे सुबह से कतार में खड़े हैं, लेकिन कई लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। हेल्पलाइन नंबर भी कई बार बंद मिल रहे हैं, जिससे समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उधर गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि जिले में गैस की कमी नहीं है, बल्कि वितरण की प्रक्रिया में बदलाव और तकनीकी समस्याओं के कारण उपभोक्ताओं को असुविधा हो रही है। उनका कहना है कि सिलिंडरों की खेप मंगलवार रात को ही एजेंसियों तक पहुंची है और बुधवार सुबह से लगातार वितरण किया जा रहा है।
जानकारों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण कई राज्यों में गैस आपूर्ति और बुकिंग व्यवस्था प्रभावित हुई है, जिससे लोगों में आशंका बढ़ी है और एजेंसियों पर भीड़ बढ़ रही है।
हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि रायबरेली में घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक जिले में लाखो गैस उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। फिर भी सर्वर और बुकिंग संबंधी दिक्कतों के कारण आम उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल रसोई गैस प्राप्त करना बड़ी चुनौती बन गया है। इसी बीच यह भी खबर मिल रही है कि इंडक्शन की खरीद फरोख्त में भी बढ़ोतरी हुई है और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बेचने वाले दुकानदारों के यहाँ भी खासी भीड़ देखी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित