रायबरेली , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के भदोखर थाना क्षेत्र में खेत में पेड़ से लटका मिला युवक के शव के मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार सुबह डायल 112 पर सूचना मिली थी कि ग्राम परोरा के पास एक खेत में नीम के पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे युवक का शव लटका हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
मृतक की पहचान अनुज (22) पुत्र सुखराज, निवासी ग्राम परोरा के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर हीरालाल, कमल, रेनू और रेखा, सभी निवासी ग्राम परोरा, को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का पहलू सामने आया है। घटना के पीछे आपसी रंजिश अथवा अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित