रायबरेली , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव घर के अंदर गमछे से लटका मिला। पुलिस सूत्रों के अनुसार गदागंज क्षेत्र के पूरे हसऊ मजरे गौरा हरदो गांव में संदीप कुमार (35) का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। परिजनों के अनुसार मृतक के पिता बाबूलाल और छोटा भाई चंडीगढ़ में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं और फिलहाल वहीं हैं। गांव निवासी सोनू दीक्षित ने बताया कि संदीप दिल्ली में शटरिंग का कार्य करता था और तीन दिन पूर्व ही घर लौटा था।
ग्रामीणों के मुताबिक घटना से पहले संदीप ने अपनी मानसिक रूप से अस्वस्थ मां को रिश्तेदार के यहां भेजने की बात कही थी। इसके बाद वह घर के अंदर गया और फांसी लगा ली।
पुलिस को घटनास्थल से पेट्रोल के छिड़काव के निशान, एक फटा हुआ पर्स और टूटा मोबाइल फोन मिला है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित