रायबरेली , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में सोशल मीडिया पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट के आधार पर मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मिलएरिया थाना पुलिस ने मात्र 12 मिनट में पहुंचकर 18 वर्षीय छात्र की जान बचा ली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कक्षा 12 के एक छात्र ने दोस्ती टूटने से आहत होकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आत्महत्या से जुड़ा पोस्ट और वीडियो साझा किया था। मेटा कंपनी के अलर्ट के जरिए यह सूचना पुलिस मुख्यालय लखनऊ के सोशल मीडिया सेंटर को मिली, जहां से छात्र की लोकेशन ट्रेस कर तत्काल रायबरेली पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए मिलएरिया थाने की टीम मौके पर पहुंची। वहां छात्र के पास जहरीली दवा का खाली पैकेट और पानी की बोतल मिली। हालत बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल उसे परिजनों के साथ नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पूछताछ में छात्र ने बताया कि प्रेम संबंध में विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाने का प्रयास किया। पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर उसे बचाया और उसकी काउंसलिंग भी कराई गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच 2022 से चल रही व्यवस्था के तहत आत्महत्या से जुड़े पोस्ट पर अलर्ट जारी किया जाता है। इस पहल के तहत 1 जनवरी 2023 से 28 मार्च 2026 तक 2376 लोगों की जान बचाई जा चुकी है। इस अभिनव पहल के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को स्कॉच अवार्ड-2025 और द इकोनॉमिक टाइम्स गवटेक अवार्ड्स-2026 से सम्मानित किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित