रायबरेली, फरवरी 25 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के सलोन इलाके गोठिया इलाके में बुधवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध हालात में उसके ही खेत में नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला।
पुलिस सूत्रों से आज बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि सलोन इलाके कर गोठिया क्षेत्र में स्थित मृतक के खेत में नीम के पेड़ से उसका शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान सूरज प्रसाद विश्वकर्मा (22) पुत्र अर्जुन प्रसाद विश्वकर्मा के रूप में हुई है। घटना के बारे में मृतक के पिता ने पुलिस को सूचित किया था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए परिजनों से पूछताछ की गई।
पुलिस का कहना है कि युवक के लापता होने की कोई सूचना नहीं थी। मृत्यु का कारण फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या बता रही है लेकिन मामला संदिग्ध माना जा रहा है इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित