रायबरेली , अप्रैल 08 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के कोतवाली इलाके में पति की हत्या के मामले में वांछित पत्नी को पुलिस ने बुधवार को गोराबाजार इलाके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस सूत्रों से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार पति की हत्या की आरोपी पत्नी सावित्री को कोतवाली नगर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी महिला पर आरोप है कि उसने पति के साथ मारपीट, गाली-गलौज और उत्पीड़न के दौरान गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

मामले में पहले मारपीट और धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन पीड़ित की इलाज के दौरान मौत होने के बाद विवेचना में हत्या की धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी थी।

गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित