रायबरेली , मार्च 8 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के लालगंज क्षेत्र में दहेज हत्या के एक मामले में पुलिस ने आरोपी पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीते शुक्रवार को मोहित कुमार पुत्र स्व. प्रदीप कुमार ने थाना लालगंज में तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2020 में सैम्बसी गांव निवासी अंकित शर्मा उर्फ गोलू के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर महिला को प्रताड़ित करते थे।
परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार को ससुराल वालों ने महिला के साथ मारपीट कर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शनिवार को आरोपी पति अंकित शर्मा उर्फ गोलू, ससुर अवधेश शर्मा और सास सुमन शर्मा को सैम्बसी गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित