रायबरेली , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के भदोखर थाना क्षेत्र के फतेहपुर मोहलिया इलाके में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिस घर में तिलक समारोह की तैयारियां चल रही थीं, वहां खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान धनंजय सिंह (32), आशुतोष मौर्य (35) और संदीप सिंह (35) के रूप में हुई है। बताया गया है कि संदीप सिंह की बहन का तिलक समारोह 26 फरवरी को निर्धारित था। इसी कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में तीनों मित्र बुधवार शाम खरीदारी करने रायबरेली आए थे। खरीदारी के बाद रात करीब नौ बजे तक बाजार में रुकने के उपरांत उन्होंने एक होटल में भोजन किया और घर के लिए रवाना हो गए। रात लगभग 11:10 बजे लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी इंडिगो सीएस कार अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। कार सड़क से उतरकर लगभग चार मीटर दूर खड़े एक सूखे नीम के पेड़ से जा टकराई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित