रायबरेली , मार्च 5 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक मासूम की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन मामूली रूप से घायल हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार डलमऊ क्षेत्र निवासी सतीश (7) अपनी दादी के साथ ननिहाल आया हुआ था। गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह अपनी बड़ी बहन प्रज्ञा (9) के साथ दुकान से सामान खरीदने गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने दोनों बच्चों को टक्कर मार दी।

हादसे में सतीश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन प्रज्ञा को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित