रायबरेली , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में गैंगस्टर मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के गोरा बाजार निवासी सारिक पुत्र मुन्ना घोसी को गोराबाजार पावर स्टेशन के सामने स्थित बावन बीघा मैदान से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर और भदोखर थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। भदोखर थाने में उसके खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत भी गंभीर आरोप दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार सारिक काफी समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित