रायबरेली , मार्च 04 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली के बछरांवा इलाके में अलग-अलग सड़क हादसों में 12 घण्टे के अंतराल में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बछरांवा क्षेत्र में कल देर रात हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दोपहर में वहीं नंदा खेड़ा क्षेत्र में आमने-सामने की मोटरसाइकिल भिड़ंत में दो युवकों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस सूत्रों से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार बछरांवा थाना क्षेत्र में बांदा-फतेहपुर मार्ग पर देर रात करीब एक बजे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर रोड डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार अजय (27) उछलकर ओवरब्रिज से नीचे एक मकान की छत पर जा गिरा। हादसे के बाद आसपास के लोग उसे सड़क पर तलाशते रहे, लेकिन बाद में वह नीचे छत पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरी घटना भी बछरांवा इलाके की आज दोपहर करीब डेढ़ बजे की है जो कि नंदा खेड़ा स्थित बांदा-बहराइच मार्ग पर हुई। यहां आमने-सामने की मोटरसाइकिल भिड़ंत में गुरुबख्शगंज निवासी अभिलाष (25) और लालगंज निवासी रितेश (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का मानना है कि होली के दौरान लापरवाही से चलाई जा रही मोटरसाइकिल के कारण यह हादसे हुए हैं हालांकि सभी शव पोस्टमार्टम के भेज दिए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सारी बातों का सही तौर पर खुलासा होगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित