रायपुर , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना आठ अप्रैल की शाम श्याम नगर इलाके में हुई, जब एक युवती अपने परिचितके साथ दोपहिया वाहन से जा रही थी। इसी दौरान दूसरी स्कूटी पर सवार दो युवकों से मामूली कहासुनी हो गयी। प्रारंभिक विवाद के बाद दोनों पक्ष अलग हो गये, लेकिन कुछ ही दूरी पर आरोपियों ने दोबारा रास्ता रोककर विवाद शुरू कर दिया।
बहस बढ़ने पर आरोपियों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गये। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, दो मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित