रायपुर , दिसंबर 05 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान के अचानक रद्द होने से यात्रियों में गहरा रोष देखने को मिला।
निर्धारित प्रस्थान समय से ठीक पहले एयरलाइंस ने संदेश भेजकर फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना दी जिसके बाद यात्री एयरलाइंस काउंटर पर स्पष्टीकरण मांगने पहुंचे।
यात्रियों का आरोप है कि रद्दीकरण के बाद न तो उन्हें किसी वैकल्पिक उड़ान की पेशकश की गई और न ही ठहरने या परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। दिल्ली, मुंबई, इंदौर और हैदराबाद के लिए यात्रा करने वाले कई यात्रियों ने कहा कि वे बिना किसी सहायता के घंटों एयरपोर्ट पर भटकते रहे और बाद में निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
दुबई से रायपुर पहुंचने वाले एक यात्री ने बताया कि उनका चेक-इन किया गया सामान अब तक उन्हें नहीं मिल पाया है। यात्री के अनुसार, सामान के लिए उन्होंने 14 हजार रुपए अतिरिक्त शुल्क चुकाया था, फिर भी एयरलाइंस की ओर से न कोई अपडेट दिया गया और न सहायता।
इसी बीच मैसूर जा रही एक महिला कैंसर मरीज ने बताया कि अंतिम समय पर फ्लाइट रद्द होने से उनकी चिकित्सा संबंधी महत्वपूर्ण अपॉइंटमेंट प्रभावित हो गया है। मजबूरी में अब उन्हें सड़क मार्ग से लंबी यात्रा करनी पड़ेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित