रायपुर , मार्च 24 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से जयपुर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब दोनों शहरों के बीच हवाई संपर्क एक बार फिर सुगम हो गया है। एयरलाइंस ने कनेक्टिंग विमान सेवा शुरू कर दी है, जिससे यात्रियों को हैदराबाद के रास्ते जयपुर और आगे मुंबई तक यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।
इंडिगो एयरलाइंस द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, पहले रायपुर-भोपाल-जयपुर उड़ान संचालित होती थी, जिसे तकनीकी कारणों से बंद कर दिया गया था। अब नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को रायपुर से हैदराबाद और वहां से जयपुर के लिए कनेक्टिंग उड़ान उपलब्ध कराई गई है।
एयरलाइंस द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, रायपुर से सुबह नौ बजे उड़ान भरने वाला विमान करीब 10:50 बजे हैदराबाद पहुंचेगा। इसके बाद यात्रियों को जयपुर के लिए अगली उड़ान पकड़ने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा, जो सुबह 11:50 बजे रवाना होकर दोपहर 1:45 बजे जयपुर पहुंचती है।
इस नई कनेक्टिविटी का एक और फायदा यह है कि जयपुर से मुंबई के लिए भी सीधी उड़ान उपलब्ध रहेगी। जयपुर से दोपहर 3:55 बजे उड़ान भरने वाली उड़ान शाम 5:40 बजे मुंबई पहुंचेगी। वहीं, मुंबई से रायपुर के लिए वापसी उड़ान रात 7:50 बजे रवाना होकर 9:30 बजे रायपुर पहुंचेगी।
इस मार्ग पर यात्रियों को लगभग 6000 से 9000 रुपये तक खर्च करना पड़ सकता है। एयरलाइंस का कहना है कि यह सेवा यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाजनक यात्रा विकल्प प्रदान करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित