रायपुर , अप्रैल 02 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित एक अनोखा हनुमान मंदिर इन दिनों श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां भक्त अपनी मनोकामनाओं को कागज पर लिखकर भगवान हनुमान के चरणों में अर्पित करते हैं, जिसके चलते यह मंदिर ''चिट्ठी वाले हनुमान'' के नाम से प्रसिद्ध है।
शहर के बूढ़ातालाब क्षेत्र के पास कैलाशपुरी-टिकरापारा मार्ग पर स्थित इस मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां लिखकर की गई प्रार्थनाओं को विशेष रूप से स्वीकार किया जाता है और एक निश्चित समय के भीतर भक्तों की इच्छाएं पूर्ण होती हैं।
मंदिर के पुजारी नरेंद्र चौबे के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में इस परंपरा को लेकर लोगों की आस्था तेजी से बढ़ी है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु नौकरी, आर्थिक उन्नति, पारिवारिक सुख-शांति और कर्ज मुक्ति जैसी अपनी विभिन्न मनोकामनाएं लिखकर अर्पित करते हैं।
मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा सकती है, जबकि मंगलवार और शनिवार को यहां विशेष रूप से अधिक संख्या में लोग पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान अब शहर में आस्था और विश्वास का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है, जहां लोग अपनी उम्मीदों के साथ नियमित रूप से दर्शन करने आते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित