रायपुर, 12 अप्रैल 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित पुलिस क्वार्टर में एक महिला आरक्षक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान पूजा कुशवाहा के रूप में की गई है। इस घटना की जानकारी रविवार सुबह पुलिस ने दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात लगभग साढ़े आठ बजे की है। थाने को सूचना मिली कि पुलिस क्वार्टर में एक महिला फांसी के फंदे पर लटकी हुई है। सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मौके पर पहुंची टीम ने शव को नीचे उतारकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मामले में वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित