रायपुर , अप्रैल 25 -- भारतीय जनता पार्टी के पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत शनिवार को प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रांतीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें संगठन को वैचारिक और संरचनात्मक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। इसी दौरान मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद बी.डी. शर्मा भी एक दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ता प्रखर बनते हैं और विषय के जानकार होकर संगठन एवं सरकार की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना और उन्हें जनहितकारी योजनाओं का सजग प्रहरी बनाना है। संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की विचारशीलता, क्षमता और समर्पण पर निर्भर करती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि पार्टी वर्षभर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखती है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता ही शक्ति का केंद्र हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नीति, सिद्धांत और जनसेवा के संस्कारों से समृद्ध किया जा रहा है, ताकि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और नीतियों को प्रभावी रूप से पहुंचा सकें।

कार्यशाला में प्रशिक्षण टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. अवधेश जैन ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, सांसद संतोष पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता टेकेश्वर जैन, श्रीमती शताब्दी पांडेय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस दौरान मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद बी.डी. शर्मा के रायपुर आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित पार्टी पदाधिकारियों ने कुशाभाऊ परिसर में उनका स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश मंत्री अमित साहू, कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी, किसान मोर्चा अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर, जिला प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, पुष्पेन्द्र सिंह और प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित