रायपुर , मार्च 29 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार देर रात पुलिस अभिरक्षा से तीन नाबालिगों के फरार होने का मामला सामने आया है, जिसमें से एक को पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया, जबकि दो अन्य अब भी फरार हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार चोरी के आरोप में पकड़े गए 16 से 17 वर्ष आयु के तीन नाबालिगों को उरला थाना क्षेत्र से बाल न्यायालय ले जाया जा रहा था।
इसी दौरान बीरगांव क्षेत्र के एक व्यावसायिक परिसर के पास चलती पुलिस वैन से कूदकर तीनों ने भागने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि जिस वाहन से आरोपियों को ले जाया जा रहा था, उसके दरवाजे का लॉक तकनीकी रूप से सुरक्षित नहीं था और अंदर से बिना चाबी के खुल जा रहा था। रास्ते में एक नाबालिग ने दरवाजा खोलने में सफलता पाई और अपने साथियों को संकेत दिया, जिसके बाद तीनों ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी।
घटना के तुरंत बाद वाहन चालक ने ब्रेक लगाया और पुलिसकर्मी पीछा करते हुए मौके पर पहुंचे, लेकिन घनी बस्ती और संकरी गलियों के साथ अंधेरे का लाभ उठाकर दो नाबालिग फरार हो गए। हालांकि, घेराबंदी के दौरान एक आरोपी को पकड़ लिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन फरार आरोपियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में लापरवाही की जांच भी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित