रायपुर , दिसंबर 17 -- कांंग्रेस ने नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर बुधवार को रायपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय का घेराव किया।
कांग्रेस ने अदालत द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आरोपत्र खारिज किए जाने को लेकर भाजपा के प्रदेश कार्यालयों का घेराव किया। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में भी कांग्रेस ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर का बुधवार को घेराव किया। काफी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला विपक्ष को दबाने और डराने का एक राजनीतिक षड्यंत्र था, जो अब अदालत के फैसले से उजागर हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बीते एक दशक से कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया, लेकिन न्यायालय के निर्णय ने यह स्पष्ट कर दिया कि इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जैसा कोई अपराध नहीं बनता।
घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के नारे लगाए तथा "सत्यमेव जयते" के संदेश के साथ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों कहा कि विपक्ष की आवाज को कुचलने के लिए जांच एजेंसियों का जिस तरह इस्तेमाल किया गया, वह लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर खतरा है। कांग्रेस ने यह भी दोहराया कि वह किसी भी दबाव में आने वाली नहीं है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित