रायपुर , जनवरी 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली के क्रियान्वयन के साथ ही राज्य सरकार ने पुलिस प्रशासन में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया है। 2004 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे इससे पूर्व पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज के पद पर कार्यरत थे।

शासन द्वारा गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार, 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी रामगोपाल गर्ग को पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज से स्थानांतरित कर पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अभिषेक शांडिल्य को राजनांदगांव रेंज से दुर्ग रेंज का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।

पुलिस मुख्यालय रायपुर में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे बालाजी राव सोमावर को पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज पदस्थ किया गया है।

इसी क्रम में 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी अमित तुकाराम कांबले को कांकेर से स्थानांतरित कर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, रायपुर नगरीय बनाया गया है। लाल उमेद सिंह को रायपुर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर तथा शशि मोहन सिंह को जशपुर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़ नियुक्त किया गया है। दिव्यांग पटेल को रायगढ़ से पुलिस अधीक्षक, रेल रायपुर की जिम्मेदारी दी गई है।

कमिश्नरी प्रणाली के तहत रायपुर नगरीय क्षेत्र में पुलिस उपायुक्तों की भी तैनाती की गई है। 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी उमेश प्रसाद गुप्ता को पुलिस उपायुक्त (मध्य), संदीप पटेल को पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) और मयंक गुर्जर को पुलिस उपायुक्त (उत्तर), रायपुर नगरीय नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त विकास कुमार को पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल) तथा राजनाला स्मृतिक को पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर), रायपुर नगरीय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अन्य आदेशों के तहत श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा को पुलिस अधीक्षक, रेल रायपुर से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, रायपुर ग्रामीण बनाया गया है। वहीं 2022 बैच की आईपीएस अधिकारी इंदु अग्रवाल को नगर पुलिस अधीक्षक, आजाद चौक से पुलिस सहायक आयुक्त, आजाद चौक, रायपुर नगरीय पदस्थ किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित