रायपुर , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत रायपुर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आठ किलो से अधिक गांजा जब्त करते हुए एक अंतर्राज्यीय आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बुधवार को कहा कि आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग चार लाख 16 हजार रुपये से ज्यादा है। कार्रवाई थाना उरला और चौकी रामनगर क्षेत्र में नारकोटिक एक्ट के तहत की गई है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तरी क्षेत्र) के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खरीदी-बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान 10 मार्च 2026 को थाना उरला पुलिस को सूचना मिली कि बाजार चौक के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुमित वर्मा (19) निवासी साई नगर, पानी टंकी के पास, उरला रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से तीन किलो 115 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी तरह थाना गुढ़ियारी के चौकी रामनगर क्षेत्र में पुलिस ने अनिल अहीरवार (32) निवासी अहमदपुर बाडेर, थाना विदिशा (मध्यप्रदेश) को पांच किलो 206 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा।
इस मामले में थाना उरला में अपराध क्रमांक 86/2026 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत और थाना गुढ़ियारी में भी नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित