बलौदाबाजार , मार्च 06 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक और घायल यात्री ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गयी है और 30 से अधिक लोग घायल हो गये है। घायलों का मेकाहारा रायपुर में उपचार जारी है।

दरअसल आज सिमगा थाना क्षेत्र के दरचूरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक और यात्रियों से भरी बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार रायपुर की ओर जा रही यात्री बस को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सड़क पर बिखरे मलबे को हटाकर यातायात बहाल करने की कोशिश की गई। घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सिमगा थाना प्रभारी लखेश केंवट ने बताया कि ट्रक और बस की टक्कर में कुल पांच लोगों की मौत हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान त्रिवेणी साहू (62) निवासी बाबा मोहतरा बेमेतरा, दशरथ साहू (80) निवासी बाबा मोहतरा बेमेतरा, राधिका निर्मलकर (24) निवासी बेतर और खुशी साहू (दो) निवासी बाबा मोहतरा बेमेतरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अज्ञात 18 वर्षीय महिला की मौत रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई।

हादसे में जो लोग घायल हुए है उनके नाम जानकी निषाद (55) निवासी कपसदा धरसींवा, अवधराम निषाद (60) निवासी कपसदा धरसींवा, ईश्वरी साहू (35) निवासी बलौदाबाजार, राजकुमार निषाद (30) निवासी रायपुर, सरोजनी साहू (27) और योगिता साहू (चार माह) निवासी बाबा मोहतरा बेमेतरा, दिलेश्वर डहरिया (50) एवं प्रमिला डहरिया (45) निवासी सोनपुरी, संदीप (13), सुनील (10) और जानवी (आठ) निवासी सोनपुरी, मनोज साहू (37) निवासी बलौदाबाजार घायल हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित