रायपुर , मार्च 11 -- रायपुर कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 लाख रुपये कीमत के 100 गुम मोबाइल फोन बरामद कर बुधवार को उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। ये मोबाइल फोन देश के अलग-अलग राज्यों से बरामद किए गए।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। तकनीकी विश्लेषण और अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय कर टीम ने उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, दिल्ली और बिहार से कुल 100 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।

मोबाइल फोन ट्रेस करने के दौरान साइबर टीम ने तकनीकी माध्यमों से वर्तमान में फोन इस्तेमाल कर रहे लोगों से संपर्क किया। कई मामलों में जानकारी मिलने पर मोबाइल धारकों ने फोन बंद कर दिए, जिसके बाद संबंधित राज्यों की पुलिस की मदद से उनकी पहचान कर मोबाइल बरामद कराए गए। कई मोबाइल फोन अन्य राज्यों और जिलों से कुरियर के माध्यम से रायपुर मंगाए गए।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक करीब 60 लाख रुपये कीमत के कुल 300 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।

रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें और नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें, ताकि मोबाइल का किसी भी अपराध में दुरुपयोग न हो सके। साथ ही मोबाइल को हमेशा पासवर्ड से सुरक्षित रखें और यदि किसी को लावारिस मोबाइल मिले तो उसे तुरंत संबंधित थाना या साइबर सेल में जमा करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित