रायपुर , मार्च 30 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए महापौर मीनल चौबे ने 2130 करोड़ 35 लाख 13 हजार रुपए का बजट पेश किया। बजट में शहर के बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है।

महापौर ने पंडरी और नरैया तालाब क्षेत्र में वर्किंग वुमन हॉस्टल, नालंदा परिसर की तर्ज पर सेंट्रल लाइब्रेरी एवं यूथ हॉस्टल निर्माण की घोषणा की। साथ ही शंकर नगर और डूमरतराई में इलेक्ट्रॉनिक मार्केट विकसित किए जाने तथा इसके लिए 100 करोड़ रुपए का म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करने की बात कही गई। नगर निगम मुख्यालय और पंडरी क्षेत्र में ऑटोमैटिक पार्किंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी।

शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से 140 लाख रुपए की लागत से 268 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की जानकारी दी गई। इसके अलावा महिला शांति गृह की स्थापना के लिए 5 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जबकि खारुन महोत्सव के आयोजन की भी घोषणा की गई।

बजट में सड़क चौड़ीकरण और नगर विकास योजनाओं के लिए 120 करोड़, आवास योजनाओं के लिए 45 करोड़, जल कार्य विभाग के लिए 104.88 करोड़, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के लिए 76.97 करोड़ तथा बिजली एवं यांत्रिकी विभाग के लिए 89.99 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही शहर में सार्वजनिक शौचालय, सामुदायिक भवन और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर भी खर्च किया जाएगा।

आय के स्रोतों में टैक्स से 392.15 करोड़, फीस एवं शुल्क से 75.44 करोड़, स्वच्छता शुल्क से 47.56 करोड़, किराया से 5.30 करोड़ और अनुदान से 356.21 करोड़ रुपए प्राप्त होने का अनुमान है। कुल आय 1924.09 करोड़ और व्यय 2130.35 करोड़ रुपए अनुमानित है, जबकि करीब 1.39 करोड़ रुपए की बचत का अनुमान जताया गया है।

बजट पेश किए जाने से पहले सदन में विपक्षी कांग्रेस पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया और 'वादा तेरा वादा' गीत गाते हुए नारेबाजी की। इस दौरान सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने नाराजगी जताते हुए तख्तियां हटाने के निर्देश दिए, जिस पर सदन में हंगामा हुआ।

नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने बजट को जनता के साथ धोखा बताते हुए कहा कि, " पूर्व में किए गए वादों और टैक्स में छूट का कोई उल्लेख नहीं है।"इस दौरान सभापति और एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा के बीच भी तीखी बहस हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित