ऋषिकेश , जनवरी 23 -- उत्तराखंड में रायपुर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग ऋषिकेश एवं जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने शुक्रवार तड़के अवैध अंग्रेजी शराब की नौ पेटियां पकड़ी।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर सिल्ला मोटर मार्ग, सरखेत के पास जांच के दौरान एक कार को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर नौ पेटियों में कुल 108 बोतल अंग्रेजी शराब की बरामद की गई।
मौके से वाहन चालक सुरेश कुमार पुत्र रामस्वरूप, निवासी रणजीत नगर, खरड़, मोहाली (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी विभाग के अनुसार आरोपी चंडीगढ़ से शराब लाकर उत्तराखंड में अवैध रूप से बिक्री करने की तैयारी में था। इस प्रकार की तस्करी से राज्य सरकार को राजस्व हानि के साथ-साथ जनस्वास्थ्य को भी नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित