रायपुर , मार्च 30 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक नशा मुक्ति केंद्र से मरीज के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आज जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोवा क्षेत्र स्थित एक निजी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। आरोप है कि उपचार के नाम पर उसके साथ शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ना की गई, जिससे उसकी मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि जब वे युवक से मिलने केंद्र पहुंचे, तो उन्हें मिलने से रोका गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। मामले में जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
बताया गया है कि युवक को बीते वर्ष सितंबर में नशे की लत छुड़ाने के उद्देश्य से केंद्र में भर्ती कराया गया था। कुछ समय बाद जब परिजन उसे वापस घर ले गए, तो उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए। पूछताछ में युवक ने केंद्र से जुड़े एक व्यक्ति पर मारपीट का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित