रायपुर , फरवरी 21 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गोंदवारा क्षेत्र में स्थित बिंदेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात युवक मंदिर परिसर में घुसकर दानपेटी उठाकर फरार हो गया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।

गुढ़ियारी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात एक युवक मंदिर के मुख्य द्वार तक पहुंचा और कुछ समय तक आसपास की स्थिति का निरीक्षण करता रहा। इसके बाद उसने लोहे की रॉड की सहायता से गेट का ताला तोड़ दानपेटी उठाकर ले गया।

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को दानपेटी उठाकर कुछ ही मिनटों में मौके से भागते हुए देखा गया है। मंदिर के पुजारी सुबह जब पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो मुख्य द्वार का टूटा ताला और गायब दानपेटी देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इधर, धार्मिक स्थलों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित