रायगढ़, 07 अप्रैल 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के केलो विहार कॉलोनी में एक दशक से चले आ रहे पारिवारिक जमीन विवाद का मंगलवार को पटाक्षेप हो गया, जब न्यायालय के आदेश पर जिला प्रशासन ने अवैध रूप से बने मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद दो भाइयों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था। आरोप था कि एक भाई ने दूसरे की जमीन पर कब्जा कर मकान का निर्माण कर लिया था, जिसके बाद मामला न्यायालय में विचाराधीन रहा।
न्यायालय द्वारा स्पष्ट आदेश जारी होने के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित मकान पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।
प्रशासन द्वारा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर एकत्र रही और पूरे घटनाक्रम को देखती रही।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के पालन में की गई है तथा भविष्य में भी अवैध कब्जों के खिलाफ इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस कार्रवाई के साथ ही करीब 10 वर्षों से चला आ रहा पारिवारिक विवाद समाप्त हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित