रायगढ़ , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल टी-20 मैच पर बॉल टू बॉल सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य सट्टा संचालक फरार बताया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नौ अप्रैल को साइबर थाना एवं चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि बोईरदादर क्षेत्र में गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के पास मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पंकज जय सिंह और जयदेव मित्रा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में जयदेव मित्रा मौके पर ही मोबाइल के जरिए सट्टा खेलते और हिसाब-किताब दर्ज करते पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा चला रहे थे और लेनदेन यूपीआई के माध्यम से करते थे।

आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मुख्य सट्टा खाईवाल शानू बेरीवाला के लिए काम करते हैं, जो वर्तमान में फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। आरोपियों के पास से वीवो और सैमसंग कंपनी के मोबाइल फोन जब्त किये गये हैं, जिनमें सट्टा प्लेटफॉर्म सक्रिय पाये गये।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इसी अभियान के तहत फरार आरोपी एजाज अहमद उर्फ मन्नू को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि सट्टा खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा आम जनता से ऐसे मामलों की सूचना देने की अपील की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित