रायगढ़, मार्च 30 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने मोबाइल दुकान चोरी से लेकर बैंकों में लूट की साजिश रचने वाले एक संगठित आपराधिक गिरोह का आज पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 5 युवक और 1 विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 26.47 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है, जिसमें दो चारपहिया वाहन, 60 मोबाइल फोन, एयरबट्स और अन्य सामान शामिल हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का खुलासा उस समय हुआ, जब फरवरी माह में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला स्थित एक मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी की घटना सामने आई थी। इसके बाद 15-16 मार्च को धरमजयगढ़ ग्रामीण बैंक तथा 16-17 मार्च की रात जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में चोरी/लूट के प्रयास की घटनाएं भी सामने आईं।
इन घटनाओं में समानता पाए जाने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच टीम गठित की और जिलेभर में अलर्ट जारी किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी मोहम्मद अरसलान, निवासी पत्थलगांव, को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी और दोनों बैंकों में लूट/चोरी के प्रयास की साजिश रचने की बात स्वीकार की। इसके आधार पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों (करण महंत, अलतमस खान, जॉनसन बेक, कवलेश यादव तथा एक अपचारी बालक) को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने पहले क्षेत्र में रेकी की थी और कुडुमकेला स्थित मोबाइल दुकान से मोबाइल फोन, ब्लूटूथ स्पीकर, हेडफोन और नकदी चोरी कर सामान को जंगल में छिपा दिया था। बाद में उसे बेचने की योजना बनाई गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित