रायगढ़ , फरवरी 06 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने आज वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने गहन एवं व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख विकास स्थलों ऑक्सीजोन इतवारी बाजार, पहाड़ मंदिर और नालंदा परिसर सहित अन्य निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थल पर पहुंचकर अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित समय-सीमा को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य उच्च मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का शीघ्र लाभ मिल सके।
वित्त मंत्री ने प्रत्येक परियोजना की लागत, वर्तमान प्रगति और शेष कार्यों की जानकारी ली तथा जहां आवश्यक हो वहां सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित