रायगढ़ , दिसंबर 15 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लगातार बढ़ते औद्योगिक, वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को चिंता व्यक्त की।

जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर रायगढ़ के माध्यम से राष्ट्रपति एवं देश के मुख्य न्यायाधीश के नाम आज ज्ञापन सौंपते हुए जिले को भयावह प्रदूषण से बचाने के लिए तत्काल और सख्त कदम उठाने की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिले में संचालित उद्योगों, कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही, खुले में फ्लाई ऐश का भंडारण, लगातार हो रही वृक्ष कटाई और नदियों में छोड़े जा रहे औद्योगिक अपशिष्ट के कारण पर्यावरणीय संतुलन तेजी से बिगड़ रहा है। इसका सीधा असर आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। जिले में दमा, एलर्जी, त्वचा एवं नेत्र रोगों के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, वहीं बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका गंभीर प्रभाव देखा जा रहा है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि खनन और उद्योगों के विस्तार के विरोध में जल-जंगल-जमीन बचाने के लिए जनता लगातार आंदोलन कर रही है, लेकिन सरकार और प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि जिले में संचालित सभी उद्योगों की पर्यावरणीय जांच कराई जाए, नए उद्योग विस्तार पर रोक लगाई जाए, एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किए जाएं तथा नदियों में औद्योगिक अपशिष्ट छोड़ने और फ्लाई ऐश डंपिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित